कोरबा। कोरबा जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण उस समय देखने को मिला, जब भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बनने वाले अटल स्मृति भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में हजारों कोरबा वासी साक्षी बने। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा भव्य एवं आत्मीय अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने विधिवत भूमिपूजन कर अटल स्मृति भवन निर्माण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रतीक थे। उनका जीवन और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। अटल स्मृति भवन युवाओं को राष्ट्रवाद, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक रूप से स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। मोर्चा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सर्वसमावेशी विकास को नई दिशा मिल रही है और अल्पसंख्यक समाज सरकार की नीतियों से स्वयं को जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। पूरे वातावरण में राष्ट्रभक्ति और अटल जी के विचारों की गूंज सुनाई देती रही।
Author: Saket Verma
A professional journalist







