आदतन अपराधी दीपक साहू उर्फ पप्पू गिरफ्तार, रेलवे साइडिंग चोरी मामले में पसान पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोरबा | थाना पसान | छत्तीसगढ़: थाना पसान पुलिस ने एक बार फिर आदतन अपराधी दीपक साहू उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई है।

मामले का सनसनीखेज खुलासा
थाना पसान क्षेत्र अंतर्गत रेलवे साइडिंग चैनज नंबर 96, तेलियामार स्थित कंस्ट्रक्शन एरिया से लोहे की सेटरिंग प्लेट चोरी होने की घटना सामने आई थी। प्रार्थी शैलेस कुमार यादव द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि दिनांक 04-05 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों द्वारा कंस्ट्रक्शन एरिया में रखे करीब 22 नग लोहे की सेटरिंग प्लेट चोरी कर ली गई हैं। रिपोर्ट के आधार पर थाना पसान में अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
चोरी की घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) द्वारा जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने सख्त निर्देश जारी किए गए। उनके निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं श्री नितिश ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कटघोरा श्री विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में थाना पसान पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई प्रारंभ की गई।

आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी
थाना प्रभारी पसान श्री चन्द्रपाल खाण्डे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम, जिसमें प्र.आर. 71 राजेन्द्र राय, आर. 854 कमल कैवर्त एवं आर. 608 विष्णु पाटले शामिल थे, द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि चोरी की घटना में आदतन अपराधी दीपक कुमार साहू उर्फ पप्पू तथा उसका साथी नरेश तिर्की शामिल हैं। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दिनांक 05 फरवरी 2026 को रात्रि 21:30 एवं 21:40 बजे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार साहू उर्फ पप्पू साहू, पिता श्याम लाल साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी पसान, थाना पसान, जिला कोरबा शामिल है, जो कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आदतन अपराधी है। वहीं दूसरा आरोपी नरेश तिर्की, पिता मदन लाल तिर्की, उम्र 35 वर्ष, निवासी तेलियामार, थाना पसान, जिला कोरबा है।

चोरी का माल एवं रकम की बरामदगी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी की गई सेटरिंग प्लेट को उन्होंने कबाड़ी ताहिर अंसारी, पेंड्रा के पास बेच दिया था। पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए कबाड़ी के यार्ड में दबिश दी गई, जहां से चोरी की गई सभी सेटरिंग प्लेट बरामद कर ली गईं। इसके साथ ही चोरी के मशरूका की बिक्री से प्राप्त ₹7,300 नगद राशि भी जप्त की गई।
न्यायालय में पेश, जेल भेजे गए आरोपी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों दीपक कुमार साहू उर्फ पप्पू साहू एवं नरेश तिर्की को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा हेतु माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का संदेश
पसान पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया है कि क्षेत्र में सक्रिय आदतन अपराधियों, चोरी की घटनाओं एवं अवैध कबाड़ी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी!
Author: Ritesh Gupta
Professional JournalisT








