Search
Close this search box.

पाली में बेखौफ सेंधमारों का आतंक: एसईसीएल कर्मी के घर से 45 हजार नगद चोरी, शिक्षक के घर से कीमती बर्तन ले उड़े

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लगातार चोरियों से दहशत में नगरवासी, पुलिस की रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग व्यवस्था पर उठने लगे सवाल
कोरबा/पाली। पाली नगर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते वर्ष से नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है और इसी बीच एक बार फिर अज्ञात सेंधमारों ने बेखौफ होकर दो घरों को निशाना बना लिया। चोर एक घर से नगदी रकम और दूसरे घर से कीमती बर्तन चोरी कर फरार हो गए। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से नगरवासियों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पाली नगर के वार्ड क्रमांक-01 अटल चौक के पास मनीष किराना दुकान के समीप एसईसीएल कर्मी सोमेश चौबे का मकान है। घटना के समय उनका परिवार किसी पारिवारिक कार्यक्रम के कारण घर से बाहर गया हुआ था। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने देर रात घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब 45 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि चोरी को अंजाम देने के दौरान चोरों ने मकान के अन्य तीन कमरों में रह रहे किराएदारों के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई बाहर निकलकर उन्हें देख या रोक न सके। इस सुनियोजित तरीके से की गई वारदात से अंदेशा जताया जा रहा है कि चोरी को अंजाम देने वाला गिरोह पेशेवर हो सकता है।
इसके बाद चोरों ने सामने रहने वाले शिक्षक वीर सिंह कंवर के घर को भी निशाना बनाया। वहां का ताला तोड़कर घर में रखे पीतल सहित अन्य धातु के कीमती बर्तन चोरी कर लिए। चोरी के बाद चोर घर के कुछ जरूरी कागजात और छोटे-मोटे सामान पास के एक खेत में फेंककर फरार हो गए।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार द्वारा इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। नगरवासियों का आरोप है कि पाली क्षेत्र में पुलिस की नियमित रात्रि गश्त नहीं होती। लोगों का कहना है कि जब चोरी की घटना सामने आती है तब कुछ दिनों तक रात में पुलिस वाहन की सायरन सुनाई देती है, लेकिन उसके बाद गश्त का कोई अता-पता नहीं रहता। इसी का फायदा उठाकर सेंधमार गिरोह बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
पाली नगर में इससे पहले भी कई घरों और दुकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक इन मामलों का खुलासा नहीं कर पाई है। ऐसे में एक ही रात दो घरों में हुई चोरी की ताजा घटना ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। यदि जल्द ही इन घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो आगे और भी वारदातें होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
Ritesh Gupta
Author: Ritesh Gupta

Professional JournalisT

और पढ़ें