मरवाही वन मंडल के बगड़ी जलाशय में विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर संरक्षण का संदेश, बर्ड वॉक, प्रशिक्षण कार्यशाला एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन
मरवाही। विश्व आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर मरवाही वन मंडल अंतर्गत स्थित बगड़ी जलाशय में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर बर्ड वॉक, प्रशिक्षण कार्यशाला, वृक्षारोपण तथा स्वच्छता अभियान आयोजित कर आर्द्रभूमियों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, स्थानीय नागरिकों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बर्ड वॉक के दौरान प्रतिभागियों ने जलाशय क्षेत्र में पाए जाने वाले पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों को नजदीक से देखा और उनके प्राकृतिक आवास, व्यवहार एवं महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण कार्यशाला में उपस्थित विशेषज्ञों एवं वन विभाग के अधिकारियों द्वारा आर्द्रभूमियों के महत्व, जल संरक्षण, जैव विविधता की भूमिका तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में आर्द्रभूमियों के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक प्रदूषण से बचाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बगड़ी जलाशय क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई एवं वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आर्द्रभूमियां न केवल जल संरक्षण का महत्वपूर्ण स्रोत हैं, बल्कि यह पक्षियों एवं अन्य वन्य जीवों के लिए सुरक्षित आवास भी प्रदान करती हैं।
इस आयोजन के माध्यम से लोगों को प्रकृति से जोड़ने, संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी विकसित करने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देने का संदेश दिया गया। मरवाही वन मंडल द्वारा भविष्य में भी इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
Author: Ritesh Gupta
Professional JournalisT












