Search
Close this search box.

बिलासपुर : भनेसर की जमीन पर बेजा कब्जा कर अवैध निर्माण, सरकारी जमीन पर ईंट भट्ठा संचालन की शिकायत; अतिरिक्त तहसीलदार के नोटिस के बाद भी नहीं रुका काम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिलासपुर : भनेसर की जमीन पर बेजा कब्जा कर अवैध निर्माण, सरकारी जमीन पर ईंट भट्ठा संचालन की शिकायत; अतिरिक्त तहसीलदार के नोटिस के बाद भी नहीं रुका काम
जयरामनगर क्षेत्र के ग्राम भनेसर में जमीन पर कथित बेजा कब्जा कर अवैध निर्माण और सरकारी भूमि पर ईंट भट्ठा संचालन का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से न्याय की गुहार लगाई है। अतिरिक्त तहसीलदार द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद भी निर्माण कार्य जारी रहने का आरोप है।
अतिरिक्त तहसीलदार के निर्देश के बाद भी जारी निर्माण

जयरामनगर निवासी दिलीप शर्मा का आरोप है कि ग्राम भनेसर स्थित उनकी 0.105 हेक्टेयर जमीन पर वसंत प्रजापति द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माण कार्य किया जा रहा है। उनका कहना है कि जमीन का सीमांकन हो चुका है और मालिकाना हक उनके नाम दर्ज है, इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया।
मामले की शिकायत पर अतिरिक्त तहसीलदार ने अवैध निर्माण तत्काल रोकने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया है। न्यायालयीन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। बावजूद इसके, स्थल पर काम जारी रहने की शिकायत सामने आई है।
विरोध करने पर धमकी, महिलाओं से लाठी-डंडे के साथ काम कराने का आरोप
पीड़ित का कहना है कि जब भी अवैध निर्माण का विरोध किया जाता है या ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जाता है, तब धमकियां दी जाती हैं। आरोप है कि महिलाओं को सामने रखकर लाठी-डंडों के साथ निर्माण कार्य कराया जा रहा है और विरोध करने पर मारपीट की धमकी दी जाती है। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
कलेक्टर और एसपी से शिकायत की तैयारी
दिलीप शर्मा ने कहा है कि यदि अवैध निर्माण कार्य तत्काल बंद नहीं किया गया तो वे कलेक्टर कार्यालय में शिकायत करेंगे और मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक (एसपी) से भी की जाएगी। उनका कहना है कि अपनी जमीन पर किसी भी हाल में बेजा कब्जा नहीं होने देंगे।
उपसरपंच पर सरकारी जमीन पर ईंट भट्ठा संचालन का आरोप
जयरामनगर निवासी नरेंद्र चौहान ने उपसरपंच संतोष प्रजापति और उनके पिता बसंत प्रजापति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि निजी जमीन के अलावा सरकारी जमीन पर भी अवैध कब्जा कर ईंट भट्ठा का संचालन किया जा रहा है। इसकी लिखित शिकायत कलेक्टर, एसपी और खनिज विभाग को की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
रौब दिखाकर करता है कब्जा, ग्रामीणों में भय
ग्रामीणों का आरोप है कि उपसरपंच पद का रौब दिखाकर दबंगई की जा रही है। कई अन्य जमीनों पर भी कब्जे की नीयत से लोगों को डराया-धमकाया जाता है, जिसके कारण कई ग्रामीण खुलकर शिकायत करने से कतराते हैं।
खनिज विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध रूप से ईंट भट्ठा संचालन की शिकायत कई बार की गई, लेकिन खनिज विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। आरोप है कि इसी कारण संबंधित व्यक्ति के हौसले बुलंद हैं और पिछले कई वर्षों से अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और पीड़ितों को कब तक न्याय मिल पाता है।
Ritesh Gupta
Author: Ritesh Gupta

Professional JournalisT

और पढ़ें