मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने के विरोध में कांग्रेस का जोरदार धरना
प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर सोनमुड़ा में जिलाध्यक्ष गजमती भानु के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
पेंड्रा | 21 दिसंबर 2025
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने के कथित निर्णय के विरोध में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला गौरेला–पेंड्रा–मरवाही में कांग्रेस पार्टी द्वारा जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। यह धरना सोनमुड़ा में जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती गजमती भानु के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
धरना स्थल पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के इस फैसले को महात्मा गांधी के विचारों, उनके योगदान और देश के गरीब, मजदूर एवं ग्रामीण वर्ग के अधिकारों पर सीधा हमला करार दिया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और मनरेगा में पुनः महात्मा गांधी का नाम जोड़ने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं के तीखे बयान
धरना को संबोधित करते हुए छाया विधायक गुलाब राज ने कहा कि मनरेगा योजना कांग्रेस की मनमोहन सिंह सरकार द्वारा देश में गरीबी उन्मूलन और ग्रामीण जनता को रोजगार की गारंटी देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। यह योजना महात्मा गांधी के आदर्शों से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि योजना से गांधी जी का नाम हटाना केवल एक नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि राष्ट्रपिता के विचारों और उनके संघर्ष का अपमान है।
कांग्रेस नेता मुद्रिका सर्राटी ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन की सुरक्षा है। यह योजना श्रम की गरिमा, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन जैसे गांधीवादी सिद्धांतों पर आधारित है। गांधी जी का नाम हटाना उनके विचारों को मिटाने की साजिश है, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी सफल नहीं होने देगी।
कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी : लालचंद सोनवानी
सरपंच संघ अध्यक्ष लालचंद सोनवानी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना देश के हर गरीब और मजदूर का अपमान है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मनरेगा में गांधी जी का नाम वापस नहीं जोड़ा जाता, कांग्रेस पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा और आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा।
मनरेगा गरीबों के सम्मान का प्रतीक : गजमती भानु
धरना को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती गजमती भानु ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार देने वाली योजना नहीं है, बल्कि यह करोड़ों गरीब परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इस योजना को महात्मा गांधी के आदर्शों से प्रेरित होकर लागू किया था। गांधी जी का नाम हटाना उनकी विचारधारा को मिटाने का प्रयास है, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि केंद्र सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने का निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से गुलाब राज, मुद्रिका सर्राटी, लालचंद सोनवानी, राहुल भाइना, श्वेता मिश्रा, सविता राठौर, पुष्पराज डायमंड, शिवाय दुबे, विधायक प्रतिनिधि पंकज तिवारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
Author: Ritesh Gupta
Professional JournalisT








