गज़मती भानु ने की प्रियंका गांधी से मुलाक़ात__दिल्ली इंदिरा भवन में हुई डीडीसी अध्यक्षों की अहम बैठक
पेंड्रा। आज दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में देशभर के डीडीसी (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला गौरेला–पेंड्रा–मरवाही की डीडीसी अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती गज़मती भानु ने कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा से सौजन्य मुलाक़ात की।
बैठक के दौरान डीडीसी अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों से जुड़े विकास कार्यों, केंद्र सरकार की योजनाओं की जमीनी स्थिति, मनरेगा, आदिवासी क्षेत्रों की समस्याएं, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर गज़मती भानु ने गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले की समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, बुनियादी सुविधाओं की कमी तथा केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों से प्रियंका गांधी को अवगत कराया।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने सभी डीडीसी अध्यक्षों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर से जुड़े मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक पूरी मजबूती के साथ उठाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत, आदिवासी समाज और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुलाक़ात के बाद गज़मती भानु ने कहा कि यह संवाद जिले की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में जनहित के मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही, जिसमें आने वाले समय में कांग्रेस की रणनीति, जनआंदोलनों की दिशा और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
Author: Ritesh Gupta
Professional JournalisT








