बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में एक अहम प्रशासनिक निर्णय लेते हुए श्री मनोज कुमार पांडे को बिलासपुर का नया मुख्य वन संरक्षक (CCF – Chief Conservator of Forests) नियुक्त किया है। शासनादेश के अनुसार, यह नियुक्ति 30 सितंबर 2025 के उपरांत प्रभावी होगी। वर्तमान में श्री पांडे छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड, बिलासपुर में क्षेत्रीय महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
शासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि श्री पांडे को “मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक)” के पद पर पदस्थ किया गया है।
प्रदेश वन प्रशासन में वर्षों का अनुभव रखने वाले श्री मनोज कुमार पांडे ने वन संरक्षण, योजना क्रियान्वयन, वन्यजीव प्रबंधन तथा प्रादेशिक कार्यक्रमों के सफल संचालन में उल्लेखनीय कार्य किया है। उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि प्रदेश में वन क्षेत्रीय प्रबंधन में और अधिक पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार और प्रभावशीलता लाई जा सके।
प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस नियुक्ति को वन क्षेत्र की बेहतरी और पर्यावरणीय संतुलन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है। उन्होंने विश्वास जताया है कि श्री पांडे की नेतृत्व क्षमता से छत्तीसगढ़ के वन्य क्षेत्र में मजबूती आएगी और सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहारा मिलेगा। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारीगण को आदेशानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया है।

Author: Ritesh Gupta
Professional JournalisT