Search
Close this search box.

Gaurela pendra marwahi: कोटमी में 25 लाख की सनसनीखेज चोरी, महीनों बाद भी नहीं मिला सुराग… पुलिस की जांच पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

16 फरवरी 2026 को पेंड्रा थाने में दर्ज हुई FIR, 15 तोला सोना और चांदी के गहनों पर हाथ साफ… कोटमी चौकी की जांच पर उठ रहे सवाल
गौरेला–पेंड्रा–मरवाही। जिले के कोटमी चौकी क्षेत्र में हुई करीब 25 लाख रुपये की बड़ी चोरी का मामला अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने लगा है। घटना के संबंध में 16 फरवरी 2026 को पेंड्रा थाने में FIR दर्ज कराई गई थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। चोरी की इतनी बड़ी वारदात के बावजूद अब तक न तो चोरों का कोई सुराग मिल पाया है और न ही चोरी गया सामान बरामद हो सका है। इससे क्षेत्र में पुलिस की सुस्त जांच और उदासीनता को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इलाज के लिए घर से बाहर गई थी बुजुर्ग महिला, सूने मकान को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार कोटमी चौकी क्षेत्र के ग्राम सकोला से रहने वाली 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला इलाज के लिए घर से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर घुसकर अलमारी व लॉकर को तोड़ डाला। जब महिला वापस घर लौटीं तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के गहने और अन्य सामान गायब मिले। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
15 तोला सोना और चांदी के गहने ले उड़े चोर
एफआईआर में दर्ज जानकारी के अनुसार अज्ञात चोर घर में रखे करीब 15 तोला सोना और लगभग 15 तोला चांदी के गहने अपने साथ ले गए। चोरी हुए गहनों में सोने की चूड़ियां, कान के जेवर, अंगूठियां और सोने की चैन सहित कई कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखा इन्वर्टर और बैटरी भी चोर अपने साथ ले गए। वारदात के बाद से परिवार स्तब्ध है और पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।
आज की कीमत में करीब 25 लाख से ज्यादा का नुकसान
हालांकि एफआईआर में चोरी गए सामान की कीमत कम दर्ज की गई है, लेकिन वर्तमान बाजार भाव के अनुसार 15 तोला सोने की कीमत करीब 25 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है। चांदी के गहनों और इन्वर्टर-बैटरी की कीमत जोड़ने पर कुल नुकसान और भी बढ़ जाता है। ऐसे में यह घटना कोटमी क्षेत्र की बड़ी चोरी की वारदातों में से एक मानी जा रही है।
महीनों बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से दूर
घटना को कई महीने गुजर जाने के बावजूद अब तक पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है। न तो चोरों की पहचान हो सकी है और न ही चोरी गया सामान बरामद हो पाया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले की जांच में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है, जिसके कारण चोर बेखौफ घूम रहे हैं।
जीवनभर की जमा पूंजी पर चोरों ने किया हाथ साफ
पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी हुए गहने उनकी जीवनभर की जमा पूंजी थे। इतनी बड़ी घटना के बाद भी जब तक कोई कार्रवाई या खुलासा नहीं हुआ है, तब से परिवार बेहद परेशान है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और चोरी गया सामान बरामद किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और क्षेत्र में लोगों का भरोसा पुलिस पर बना रहे।
Ritesh Gupta
Author: Ritesh Gupta

Professional JournalisT

और पढ़ें