अरपा महोत्सव में CM साय की बड़ी घोषणाएं, GPM को 100 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
पेंड्रा रोड को मिलेगा बहुप्रतीक्षित ऑडिटोरियम, 300 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
गौरेला–पेंड्रा–मरवाही / पेंड्रा रोड। अरपा महोत्सव एवं गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले के छठवें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले को बड़ी विकास सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करते हुए जिले के समन्वित विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर पेंड्रा रोड नगर पालिका के अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे जी की बहुप्रतीक्षित मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पेंड्रा रोड में भव्य ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा से नगरवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। नगर पालिका क्षेत्र में ऑडिटोरियम के निर्माण से सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा। नगरवासियों ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए माननीय मुख्यमंत्री एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे जी के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने अरपा महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पेंड्रारोड से अमरकंटक तक 19 किलोमीटर सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा, वहीं केवची मार्ग के निर्माण से पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री बस सेवा योजना में जीपीएम जिले को शामिल करने, नगर पंचायत मरवाही में उच्च विश्राम गृह की स्वीकृति तथा समदलई पर्यटन स्थल में स्टॉप डैम निर्माण की भी घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 300 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज पूरे प्रदेश में 6 हजार 414 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ है, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि यह योजना बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को चेक एवं सामग्री का वितरण किया गया तथा स्वामित्व योजना के अंतर्गत 435 किसानों को पट्टे प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री साय ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और जिले के विकास कार्यों पर आधारित बुकलेट का विमोचन किया। साथ ही जिले की पर्यटन संभावनाओं एवं दो वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायकगण श्री प्रणव कुमार मरपच्ची, श्री अटल श्रीवास्तव, श्री अनुज शर्मा, श्री मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती समीरा पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Author: Ritesh Gupta
Professional JournalisT








