गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी कला में प्रस्तावित नई शराब भट्टी का विरोध तेज, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोटमी कला में नई शराब भट्टी खोलने के सरकारी प्रस्ताव का विरोध शुरू हो गया है। इस संबंध में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमन शर्मा ने जिला कलेक्टर एवं जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित निविदा को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है।
“शांत ग्रामीण क्षेत्र की शांति होगी भंग” — अमन शर्मा
अमन शर्मा ने कहा कि कोटमी कला एक शांत एवं ग्रामीण क्षेत्र है। यहां शराब भट्टी खुलने से अपराध की घटनाओं में वृद्धि, घरेलू हिंसा के मामलों में इजाफा और सामाजिक माहौल के बिगड़ने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन जनभावनाओं की अनदेखी कर राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रामीण अंचलों में शराब दुकानें खोलने की तैयारी कर रहा है।
विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र की जनता बेहतर सड़कों, सुसज्जित अस्पताल और उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रही है, लेकिन प्रशासन शराब बिक्री को प्राथमिकता दे रहा है।
उन्होंने कहा, “कोटमी कला के युवाओं को किताबों और रोजगार की जरूरत है, बोतलों की नहीं। शासन को विकासोन्मुख योजनाओं पर ध्यान देना चाहिए, न कि ऐसी योजनाओं पर जो युवाओं को नशे की ओर धकेलें।”
उग्र आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि प्रस्तावित निविदा को निरस्त नहीं किया गया और जनभावनाओं की अनदेखी की गई, तो ग्रामवासी और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि जनविरोध के बीच प्रशासन क्या निर्णय लेता है।
Author: Ritesh Gupta
Professional JournalisT









