Search
Close this search box.

CG विधानसभा में हंगामा: गोबर खाद घोटाले पर वन मंत्री केदार कश्यप घिरे, विधायक दलेश्वर साहू ने कहा– सदन को किया जा रहा गुमराह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

CG विधानसभा में हंगामा: गोबर खाद घोटाले पर वन मंत्री केदार कश्यप घिरे, विधायक दलेश्वर साहू ने कहा– सदन को किया जा रहा गुमराह
रायपुर, 24 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में उस समय जोरदार हंगामा खड़ा हो गया, जब मरवाही वनमंडल में गोबर खाद खरीदी में कथित गड़बड़ी का मुद्दा सदन में गूंज उठा। सवालों की बौछार के बीच वन मंत्री केदार कश्यप विपक्ष के निशाने पर आ गए। विधायक दलेश्वर साहू ने सीधे आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से मंत्री को गलत जानकारी दी जा रही है और सदन को गुमराह किया जा रहा है।
सदन में जैसे ही मरवाही वन मंडल में जनवरी 2022 से जनवरी 2026 तक गोबर खाद आपूर्ति से जुड़े प्रमाणपत्रों में फर्जी हस्ताक्षर की शिकायत का मुद्दा उठा, माहौल गरमा गया। विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि मामले की जांच रिपोर्ट आ चुकी है, लेकिन सरकार उसे सार्वजनिक करने से बच रही है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर सरकार के पास छिपाने को कुछ नहीं है तो जांच रिपोर्ट की कॉपी सदन के पटल पर रखी जाए।
विधायक ने यह भी सवाल दागा कि 17 अक्टूबर 2022 से 21 सितंबर 2023 के बीच गोबर खाद की आपूर्ति, भुगतान, सत्यापन और स्टॉक पंजी में दर्ज विवरण आखिर क्या हैं? किन अधिकारियों ने प्रमाणपत्र जारी किए और भुगतान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया? उन्होंने साफ कहा कि पूरे मामले में गंभीर अनियमितता की बू आ रही है।
जवाब में वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जनवरी 2022 से जनवरी 2026 के बीच केवल एक शिकायत प्राप्त हुई है और उसकी जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। मंत्री ने यह भी दावा किया कि 17 अक्टूबर 2022 से 21 सितंबर 2023 के बीच मरवाही वनमंडल में गोबर खाद की आपूर्ति ही नहीं हुई, इसलिए भुगतान और संबंधित अभिलेखों का सवाल नहीं उठता।
मंत्री के इस जवाब से विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। दलेश्वर साहू ने दो टूक कहा कि अधिकारियों ने मंत्री को गलत जानकारी देकर पूरे सदन को भ्रमित करने की कोशिश की है। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित डीएफओ पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
मामले को लेकर सदन में तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप का दौर देर तक चलता रहा। बजट सत्र के बीच उठे इस मुद्दे ने सरकार को असहज कर दिया है और आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।
Ritesh Gupta
Author: Ritesh Gupta

Professional JournalisT

और पढ़ें